UPADHYAY TRIPS PRESENT'S
अवागढ़ किला - एटा यात्रा
इस फरवरी में जब शादियों का सीजन चल ही रहा है तो एक शादी का निमंत्रण हमारे पास भी आया और यह निमंत्रण था एटा में रहने वाली हमारी बुआजी की लड़की की शादी का। कुछ साल पहले मैं अपनी बहिन निधि के साथ उनके यहाँ एटा गया था तब से अब मुझे दुबारा एटा जाने का मौका मिला, परन्तु इसबार मेरे साथ मेरी बहिन नहीं बल्कि मेरी पत्नी कल्पना मेरी सहयात्री रही और यह यात्रा ट्रेन या बस ना होकर केवल बाइक से ही पूरी की गई। मथुरा से एटा की कुल दुरी 115 किमी के आसपास है और शानदार यात्रा में हमने बहुत ही एन्जॉय किया और इसे यादगार बनाया।
...
20 फरवरी मैं और मेरी पत्नी कल्पना अपनी बाइक द्वारा एटा के लिए रवाना हुए। मथुरा से निकलकर हमने अपना पहला स्टॉप बलदेव में लिया। बलदेव, ब्रजभूमि का एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थान है जहाँ भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई बलराम और उनकी पत्नी रेवती जी का शानदार मंदिर स्थापित है। बलदेव से निकलकर हमारा दूसरा स्टॉप सादाबाद था। सादाबाद, हाथरस जनपद की प्रमुख तहसील है और हाथरस - आगरा मार्ग पर बहुत ही बड़ा क़स्बा है। यह एक जंक्शन पॉइंट है जहाँ से पाँच अलग अलग दिशाओं में रास्ते जाते हैं। यहाँ कुछ समय रूककर और एक प्रसिद्ध भल्ले की दुकान से भल्ला खाकर हम आगे बढ़ चले।




















