Showing posts with label NATURAL. Show all posts
Showing posts with label NATURAL. Show all posts

Friday, November 27, 2026

KUMANYU 2024 : RUDRADHARI WATERFALL

 कुमाँयू के सफर पर भाग - 6  

रुद्रधारी महादेव मंदिर और रुद्रधारी जलप्रपात 



कौसानी टी एस्टेट से लौटते ही दोपहर बीत चली थी जबकि आज के दिन घूमने के लिए अभी एक मंजिल और शेष रह गई थी। दोपहर का भोजन करने के बाद हम कौसानी वापस लौटे और अब हमारी गाड़ी के ड्राइवर साब हमें रुद्रधारी जलप्रपात की ओर ले चले। रुद्रधारी जलप्रपात, कौसानी से लगभग 9 किमी दूर है।

उत्तराखंड के कुमाँयू क्षेत्र में कौसानी के नजदीक कांताली नामक एक स्थान है जहाँ रुद्रधारी महादेव मंदिर और रुद्रधारी जलप्रपात नाम से एक शांत और आध्यात्मिक स्थल है। यहाँ एक पहुँचने के लिए जंगल और पहाड़ी रास्तों से होकर एक छोटी ट्रेकिंग करनी पड़ती है, जहाँ भगवान शिव को समर्पित प्राचीन गुफा मंदिर और प्राकृतिक झरना देखने को मिलता है।

 कौसानी से निकलते ही एक पतली सी सड़क ऊँचे पहाड़ों की तरफ जाती है। अभी हम इन्हीं ऊँचे पहाड़ों की तरफ बढ़ रहे थे कि अचानक मौसम में परिवर्तन होना प्रारम्भ हो गया। जहाँ अभी तक मौसम सामान्य था वहीँ रुद्रधारी मंदिर और जलप्रपात वाले इस रास्ते पर आते ही आसमान में काले घने बादल छा गए। 

हालांकि इसे मौसम का शानदार रूप ही कहेंगे किन्तु सिर्फ तब तक, जब तक कि ये बरसात का रूप ना ले ले, किन्तु हमारे सोचने से क्या होने वाला था क्योंकि की कुछ ही समय बाद बड़ी ही तेज जोरदार बारिश ने हमें  इस ऊँचे पहाड़ी रास्ते पर हमें घेर लिया। हम गाडी के अंदर बैठे थे इसलिए इस बरसात का हमपर कोई प्रभाव नही पड़ा परन्तु गाडी के सामने कम अदृश्यता होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई। 

थोड़ी देर बाद बरसात का दौर गुजरने के बाद मौसम पुनः सामान्य हो गया और हम तब तक उस स्थान पर भी पहुँच गए जहाँ से आगे हमने अब पैदल ही जाना था। कांताली नामक स्थान पर आकर सड़क समाप्त हो गई और यहाँ से रुद्रधारी जाने के लिए अब केवल पैदल मार्ग ही एकमात्र विकल्प था। इस स्थान से रुद्रधारी लगभग 1 या 2 किमी के आसपास था।