मेवाड़ की ऐतिहासिक यात्रा पर - वर्ष 2024 . भाग - 9
मेवाड़ की प्राचीन राजधानी नागदा और उसके अवशेष
श्री एकलिंग जी के दर्शन करने के पश्चात मैं बाप्पा रावल की समाधी और पैनोरमा के दर्शन कर अब मेवाड़ की प्राचीन राजधानी नागदा की तरफ बढ़ चला था। उदयपुर से 55 - 60 किमी दूर कैलाशपुरी से पूर्व ही अरावली पर्वतमाला में कुछ प्राचीन मंदिरों के अवशेष दिखाई देते हैं। इन अवशेषों की संख्या और दूरी को देखने से ही ज्ञात होता है कि यह कोई प्राचीन राजधानी के अवशेष हैं। मेवाड़ के इतिहास और यहाँ मिले शिलालेखों से इस बात की पुष्टि होती है कि चित्तौड़गढ़ से पूर्व, मेवाड़ राज्य की राजधानी नागदा थी और इस समय जो अवशेष मेरे सामने थे वो नागदा के ही थे, अर्थात अब मैं मेवाड़ की प्राचीन राजधानी नागदा में था।
एकलिंग जी के मंदिर से थोड़ा आगे ही अरावली पर्वतमाला में पत्थरों की एक विशाल दीवार दिखाई देती है जो कि मुख्यतः किसी किले अथवा नगर की बाहरी दीवार जैसी प्रतीत होती है। इस पत्थर की दीवार को देखकर लगता है कि यह प्राचीन राजधानी नागदा की बाहरी सीमा रेखा है। इस दीवार को पार करते ही एक विशाल जलाशय मेरे सामने था जिसके एक किनारे पर गणेश भगवान का शानदार छोटा सा मंदिर भी बना हुआ था। इस मंदिर को देखकर मुझे याद आया कि यह स्थान मैंने बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र की एक फिल्म में देखा था, थोड़ी देर बात मुझे उस फिल्म का नाम याद आ गया। वह मूवीज मेरा गांव मेरा देश थी।
इस झील के किनारे किनारे ही नागदा के प्रसिद्ध सास बहु के मंदिर जाने का रास्ता गया है। मैं उन्हीं मंदिरों की तरफ बढ़ चला था किन्तु उन मंदिरों के समीप पहुँचने से पूर्व ही मुझे एक ऊँचे पठार पर एक विशाल प्राचीन मंदिर के अवशेष दिखाई दिए। मैं इन अवशेषों को देखने के लिए पठारी भाग पर चढ़ चला। मंदिर के नजदीक पहुंचकर जब मैंने इस मंदिर का अवलोकन किया तो मैं इसकी शैली निर्माण और वास्तुकला से अत्यंत ही प्रभावित हुआ और जब मैंने इस मंदिर के बारे में और अधिक जानकारी की, तो मुझे ज्ञात हुआ कि यह एक प्राचीन शिव मंदिर है और इसे मेवाड़ के प्रतापी शासक खुमाण प्रथम अथवा द्वितीय के शासनकाल के दौरान बनवाया गया था इसी कारण इस मंदिर को खुमाण रावल का देवरा भी कहा जाता है।
खुमाण रावल का देवरा
यह मंदिर मेवाड़ के गौरवशाली गुहिल राजवंश के शासनकाल और उनकी उत्कृष्ट स्थापत्य कला का प्रमाण है। यह मंदिर नागदा की पहाड़ियों में अरावली पर्वतमाला के बीच स्थित है। दिल्ली सल्तनत के शासक इल्तुतमिश द्वारा नष्ट किए जाने से पहले नागदा मेवाड़ की राजधानी हुआ करती थी।
मेवाड़ के इतिहास में 'खुमाण' नाम के तीन प्रतापी गुहिल शासक हुए हैं। इतिहासकारों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इन्हीं में से किसी एक राजा (विशेषकर खुमाण प्रथम या द्वितीय के काल में) ने इस भव्य शिव मंदिर का निर्माण करवाया था।
यह मंदिर पारंपरिक नागर शैली में बना हुआ है। इसकी दीवारों और स्तंभों पर की गई पत्थर की बारीक नक्काशी मेवाड़ की प्राचीन शिल्पकला को दर्शाती है। इस मंदिर का सबसे मुख्य आकर्षण इसका नृत्य मंडप था। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, इस मंडप में आठ नर्तकियों की अत्यंत जीवंत और कलात्मक प्रतिमाएं स्थापित थीं।
वर्तमान में यह मंदिर खंडहर के रूप में मौजूद है। समय के साथ प्राकृतिक आपदाओं और मूर्ति तस्करों की चोरी के कारण यहां की अधिकांश दुर्लभ मूर्तियां और नर्तकियों की प्रतिमाएं गायब हो चुकी हैं। आज मंदिर के गर्भगृह में केवल एक खंडित शिवलिंग और बाहर बिना सिर वाले नंदी की प्रतिमा ही शेष बची है। यह मंदिर श्री एकलिंगजी ट्रस्ट के अंतर्गत आता है।
सहस्त्रबाहु अथवा सास बहू के मंदिर
![]() |
| पर्वत पर नीमच और खीमच माता का मंदिर |
एक पर्वत पर मुझे नीमच माता और खीमच माता का मंदिर भी नजर आया किन्तु समयाभाव के कारण में यहाँ तक नहीं जा सका था। परन्तु इसी पर्वत की तलहटी में मुझे एक प्राचीन मंदिर खँडहर के रूप में अवश्य नजर आया। सड़कमार्ग से यह मंदिर काफी ऊंचाई पर था और इस मंदिर तक पहुँचने का कोई सुगम मार्ग यहाँ उपलब्ध नहीं था। कंटीली झाड़ियों और सरकंडो के बीच से होकर मैं इस मंदिर तक पहुंचा।
मंदिर की निर्माण शैली और वास्तुकला अद्वितीय थी, किन्तु गर्भगृह में कोई प्रतिमा स्थापित नहीं थी। मंदिर के मंडप में बड़े बड़े लंगूरों का साम्राज्य था इसलिए मैं इस मंदिर में प्रवेश नहीं कर सका। मंदिर के चारों ओर घनी और कँटीली झाड़ियों का अतिक्रमण व्याप्त था। इस मंदिर की ऐसी उपेक्षा देखकर मुझे अत्यंत ही दुःख हुआ जबकि यह मंदिर भी श्री एकलिंगजी ट्रस्ट के स्वामित्व में है। एकलिंगजी ट्रस्ट वालों को अपने पूर्वजों की इन अनमोल धरोहरों का संरक्षण करना चाहिए और उनकी पहचान भी सुनिश्चित करनी चाहिए। ऐसा मेरा उनसे निवेदन करने का मन हुआ किन्तु मैं एक मामूली यात्री हूँ, भला मेरी दरकार यहाँ कौन सुनने वाला था।
एक अन्य मंदिर यह भी था जिसके पास तक मैं गया तो नहीं था परन्तु अपने कैमरे के लेंस के जरिये मैंने इसे करीब से देख तो लिया ही था।




























