मेवाड़ की ऐतिहासिक यात्रा पर - वर्ष 2024
भाग 6 - गिलूण्ड - एक हड़प्पाकालीन स्थल
आज मेवाड़ यात्रा का दूसरा दिन था, मैंने सुन रखा था कि राजसमंद के पास गिलूण्ड नाम का एक टीला है जो मेवाड़ का एकमात्र हड़प्पाकालीन स्थल है। गूगल मैप में जब मैंने इसकी लोकेशन देखी तो जाना कि यह राजसमंद से 45 किमी दूर रेलमगरा की तरफ है। सुगंधा ने सुबह का नाश्ता लाकर दिया और शाम को जल्दी आने का कहा। जीतू की बाइक लेकर आज मैं राजसमंद से चित्तौड़गढ़ के लिए बाइक से निकल पड़ा।
कांकरोली स्टेशन के नजदीक से होकर मैं एमरा, राज्यवास होते हुए लगभग एक घंटे बाद रेलमगरा पहुंचा। रेलमगरा से आगे वाला गाँव गिलूण्ड ही था। थोड़ी देर पश्चात मैं गिलूण्ड गाँव में पहुंचा। गाँव में एक बड़े नीम के पेड़ के नीचे गाँव के कुछ बुजुर्ग बैठे हुए थे जो आपस में राजस्थानी भाषा में कुछ बातें कर रहे थे, मैंने उनसे गिलूण्ड के उस ऐतिहासिक हड़प्पाकालीन टीले के बारे में पूछा। उन्होंने मुझे एक पुराने टीले की तरफ जाने वाले रास्ते के बारे में बताया किन्तु यह सिंधुघाटी सभ्यता या हड़प्पाकालीन है इसके बारे में मुझे यहाँ से कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई।
गूगल द्वारा बताई लोकेशन और गाँव के बुजुर्गों द्वारा दिया गया मार्ग इशारा भी एक ही दिशा में चलने को बता रहे थे इसलिए अब मैं गाँव के अंदर होते हुए टीले की खोज में बढ़ चला। पूरा गाँव निकलने के बाद अब रास्ता भी संकरा हूँ चला था। पक्की सड़क की जगह अब गाँव की रेतीली और पथरीली छोटी सी सड़क पर मुझे बढ़ना पद रहा था किन्तु टीला अभी तक दिखाई नहीं दे रहा था।
गाँव से कुछ दूर निकलने के बाद मैं बनास नदी के नजदीक तक पहुंचा, किन्तु यहाँ भी गूगल की लोकेशन मेरे लिए गलत साबित हो गई। गूगल टीले की लोकेशन जहां दिखा रहा था वहां जाने के लिए मुझे कोई सड़क या मार्ग दिखाई नहीं दे रहा था किन्तु लोकेशन से यह अवश्य ज्ञात हो रहा था कि मैं टीले के आसपास ही कहीं था। गाँव अब काफी पीछे रह गया था और यह स्थान एकदम सुनसान था, अब यहाँ कोई भी प्राणी मुझे नजर नहीं आ रहा था जिससे मैं टीले तक जाने का सही रास्ता जान पाता।
अन्ततः एक पेड़ के नीचे मैंने बाइक खड़ी कर दी और अब पैदल ही मैं टीले की ओर जाने वाले रास्ते को खोजने लगा था। कुछ देर बाद मेरी यह मेहनत सफल भी हो गई जब मैंने यहाँ पुरातत्व विभाग द्वारा लगे एक नीले बोर्ड को देखा। इस बोर्ड को देखकर मुझे जितनी ख़ुशी हुई उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यहाँ इस बोर्ड के लगे होने का मतलब था कि मैं उस प्राचीन टीले के आसपास ही कहीं था। जल्दी ही मुझे टीला भी नजर आ गया।
एक खेत में से होकर मैं टीले के नजदीक बने इसके गेट तक पहुंचा जो पुरातत्व विभाग द्वारा लगवाया गया था। टीले के चारोँ ओर पुरातत्व विभाग की लोहे की रेलिंग बनी हुई थी, और इस रेलिंग के अंदर जो भूभाग था वही गिलूण्ड का ऐतिहासिक हड़प्पाकालीन टीला था। यह समतल जमीन से थोड़ा ऊँचा उठा हुआ पठारी भाग है जिसपर राजस्थानी कांटे की झाड़ियां और अन्य घास फुस उगी हुईं थीं। प्राचीन मृदभांडों के टूटे हुए अवशेष अनेकों जगह बिखरे पड़े थे। टीले के एक ऊँचे भाग में एक छोटा सा मंदिर प्रांगण भी था जहाँ कोई साधू रहता होगा और यहीं उसके द्वारा किये हवन कुंड और उसकी राख भी मुझे दिखाई दी।
टीले के इस ऊँचे भाग पर मंदिर ने नजदीक ही एक बड़ा नीम का पेड़ था, जिसकी छाया में खड़े होकर मैंने कुछ देर ठंडी हवा का आनंद लिया और पास में बने एक नल से पानी पीकर प्यास को तृप्त किया। यह टीला भले ही ऐतिहासिक हो और प्राचीन सिंधु घाटी सभ्यता का एक स्थान हो किन्तु वर्तमान में यहाँ देखने को कुछ नहीं था, मुझे यहाँ कोई भी पुरातत्व सामग्री या प्राचीन निर्माण दिखाई नहीं दिया।
गिलूण्ड टीले का प्राचीन इतिहास
गिलूण्ड का टीला (गिलूण्ड सभ्यता) राजस्थान के राजसमंद जिले में बनास नदी के तट पर स्थित एक अत्यंत महत्वपूर्ण और प्राचीन ताम्रपाषाणकालीन (Chalcolithic) पुरातात्विक स्थल है। यह प्रसिद्ध आहड़-बनास संस्कृति का हिस्सा है और उस संस्कृति के खोजे गए 111 स्थलों में सबसे बड़ा बसावट क्षेत्र माना जाता है।
स्थानीय भाषा में इन टीलों को सामूहिक रूप से 'मोडिया मगरी' (अर्थात् गंजा टीला) कहा जाता है।
यह पुरातात्विक स्थल राजस्थान के राजसमंद जिले के गिलूण्ड गाँव के पास स्थित है। यह प्राचीन स्थल बनास नदी के मैदानी क्षेत्र में आता है।
गिलूण्ड में खुदाई के दौरान दो मुख्य टीले मिले हैं, जिन्हें 'पूर्वी टीला' (GLD-1) और 'पश्चिमी टीला' (GLD-2) नाम दिया गया है। पूर्वी टीला अधिक समय तक आबाद रहने के कारण पश्चिमी टीले की तुलना में अधिक ऊँचा (लगभग 45 फीट) है।
गिलूण्ड टीले का उत्खनन दो चरणों में किया गया था।
प्रथम चरण: इस स्थल की प्रारंभिक और आंशिक खुदाई वर्ष 1957-58 (या 1959-60) में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् बी. बी. लाल के निर्देशन में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा की गई थी।
द्वितीय चरण: बाद में वर्ष 1998 से 2005 के बीच, पुणे के डेक्कन कॉलेज के डॉ. वी. एस. शिंदे और अमेरिका की पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के प्रो. ग्रेगरी पोशल के संयुक्त तत्वावधान में यहाँ विस्तृत खुदाई की गई।
रेडियोकार्बन डेटिंग और पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर इस सभ्यता का काल लगभग 3000 ईसा पूर्व से 1700 ईसा पूर्व (ताम्रयुगीन काल) माना जाता है। इसे तीन चरणों (प्रारंभिक, मध्य और उत्तर आहड़-बनास संस्कृति) में विभाजित किया गया है।
- पक्की ईंटों के प्रचुर साक्ष्य: गिलूण्ड की सबसे अनोखी विशेषता यहाँ पक्की ईंटों (Kiln-burnt bricks) का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होना है। ध्यान देने योग्य बात यह है कि इसकी समकालीन 'आहड़ सभ्यता' में पक्की ईंटों के प्रमाण नहीं मिले हैं (वहाँ पत्थरों और धूप में सुखाए गारे का प्रयोग था), लेकिन गिलूण्ड में पक्की और धूप में सुकाई दोनों प्रकार की ईंटों की दीवारें मिली हैं।
- विशाल भवन संरचनाएँ: खुदाई में समानांतर दीवारों वाली बड़ी इमारतें, कार्यशालाएं (Workshops) और बस्ती के चारों ओर सुरक्षा दीवार (Exterior Wall) जैसी विशाल स्थापत्य कला मिली है।
- मृदभांड (Pottery): यहाँ से पाँच प्रकार के मिट्टी के बर्तन मिले हैं। इनमें सबसे प्रमुख काले और लाल रंग के मृदभांड (Black-and-Red Ware) हैं, जिन पर सफेद रंग से सुंदर ज्यामितीय और प्राकृतिक आकृतियाँ (पशु-पक्षी, नाचते हुए चित्र) उकेरी गई हैं।
- मिट्टी और हाथीदांत के खिलौने: बच्चों के खेलने की पत्थर की गोलियाँ, हाथीदांत की चूड़ियाँ और टेराकोटा (पकी मिट्टी) से बने खिलौने जैसे कि हाथी, ऊँट, कुत्ते और विशेष रूप से सींग वाले बैल (Terracotta Bulls) की आकृतियाँ मिली हैं।
- मुहरों का भंडार (Seal Impressions): साल 2003 की खुदाई में यहाँ से 100 से अधिक प्राचीन मिट्टी की मुहरों के निशान (Sealings) मिले हैं। इनकी बनावट सिंधु घाटी सभ्यता के स्थलों (जैसे चन्हु-दारो) और मध्य एशिया की संस्कृतियों से मेल खाती है, जो यह दर्शाती है कि गिलूण्ड के लोगों के व्यापारिक संबंध दूर-दराज के क्षेत्रों से थे।
- घरेलू एवं कृषि जीवन: मकानों के अंदर से बड़े चूल्हे और अनाज रखने की कोठियाँ (Storage Pits) मिली हैं। एक मटके में गेहूं के दाने भी सुरक्षित पाए गए हैं। यहाँ के लोग कृषि और पशुपालन (भेड़, बकरी, गाय) दोनों करते थे।
![]() |
| कांकरोली में एक चौक पर महाराणा राजसिंह की प्रतिमा |
![]() |
| गिलूण्ड का प्राचीन ऐतिहासिक टीला |















No comments:
Post a Comment
Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.