Tuesday, November 10, 2026

MEWAR 2024 : RAJSAMAND TO KAILASHPURI

 भाग 8 - राजसमंद से कैलाशपुरी - एक ऐतिहासिक सफर 


कल साँवरिया सेठ जी के तीनों मंदिर देखने के बाद मन प्रफुल्लित हो गया था। आज राजसमंद में मेरा अंतिम यात्रा दिवस था, इसलिए आज मैंने मेवाड़ की मुख्य प्राचीन ऐतिहासिक राजधानी नागदा की यात्रा पर जाने का विचार बनाया। हालांकि कई साल पहले मैं जीतू ने साथ नागदा घूम कर आ चुका हूँ किन्तु इस बार मैं इसका पूर्ण अध्ययन करना चाहता था। जीते आज भी मेरे लिए अपनी बाइक घर पर छोड़ गया था, उसकी बाइक लेकर मैं कांकरोली शहर घूमने निकल पड़ा। 

कांकरोली में श्री द्वारिकाधीश जी का एक प्रख्यात मंदिर है जो राजसमंद झील के ठीक किनारे स्थित है। मैं आज श्री द्वारिकाधीश जी के दर्शन करने के लिए यहाँ पहुंचा तो देखा अभी मंदिर पूरी तरह से खुला नहीं था। कुछ प्रतीक्षा करने के बाद अन्ततः मुझे श्री द्वारिकाधीश जी  दर्शन हुए और उनका प्रसाद पाकर मैंने इस मंदिर परिसर का पूर्ण रूप से अवलोकन किया।  


श्री द्वारिकाधीश मंदिर का इतिहास और उनकी प्रतिस्थापना :- 

कांकरोली स्थित श्री द्वारिकाधीश मंदिर का इतिहास और भगवान श्री कृष्ण की इस पावन प्रतिमा का इतिहास, वल्लभाचार्य के पुष्टि-संप्रदाय और मेवाड़ के राजाओं के संरक्षण से जुड़ा हुआ है। 

मान्यता है कि यह लाल संगमरमर की पावन प्रतिमा त्रेता युग में राजा अंबरीश द्वारा पूजित थी। बाद में यह महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के पास आई और उनकी परंपरा में उनके पौत्र श्री बालकृष्णलाल जी को सौंपी गई। तभी से यह स्थान शुद्धाद्वैत पुष्टिमार्ग की प्रमुख तीसरी पीठ के रूप में प्रतिष्ठित है। 

मूल रूप से यह प्रतिमा उत्तर प्रदेश के गोकुल में स्थित थी। मुगल शासन के दौरान मंदिरों पर हो रहे लगातार आक्रमणों और तोड़फोड़ के खतरे को देखते हुए, गोस्वामी श्री गिरधरजी महाराज इस प्रतिमा को सुरक्षित लेकर गुजरात के अहमदाबाद ले गए थे।

अहमदाबाद में भी खतरा बने रहने पर, मेवाड़ के महाराणा राज सिंह ने गोस्वामी श्री गिरधरजी को प्रतिमा सहित मेवाड़ आने का आमंत्रण दिया। विक्रम संवत 1726 (सन् 1670–1671 के आसपास) में यह प्रतिमा सबसे पहले कांकरोली के निकट 'असोतिया' नामक गाँव में स्थापित की गई।

बाद में असोतिया मंदिर में पानी भर जाने के कारण, महाराणा राज सिंह ने राजसमंद झील के निर्माण के दौरान यहाँ भव्य हवेली-नुमा मंदिर का निर्माण करवाया और विक्रम संवत 1733 (सन् 1676) में प्रभु द्वारकाधीश को इस वर्तमान स्थान पर विराजित किया गया।

 यह मंदिर पारंपरिक राजस्थानी हवेली शैली में बना हुआ है और राजसमंद झील की 'नौचौकी की पाल' के पास स्थित है।




श्री द्वारिकाधीश जी मंदिर, कांकरोली 


राजसमंद झील 







श्री द्वारिकाधीश मंदिर के दर्शन करने के पश्चात मैं राजसमंद के मुख्य चौराहे पर पहुंचा। यह राजसमंद अथवा राजनगर का बस स्टैंड भी कहलाता है जहाँ से अधिकांश बसें उदयपुर जाती है बाकी राजस्थान के अन्य नगरों तक जाने के लिए भी यहाँ से बसें मिलती हैं। कुछ समय इस चौराहे पर अपनी पूर्ववर्ती स्मृतियों को याद करते हुए मैं राजनगर से श्री नाथद्वारा की तरफ बढ़ चला जो यहाँ से लगभग 16 किमी दूर था। 

दिल्ली - अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित श्री नाथद्वारा भी भगवान श्री कृष्ण का परम धाम है। यहाँ भगवान श्री कृष्ण के श्री नाथ जी के स्वरूप के दर्शन होते हैं। यह अत्यंत ही परम धाम है किन्तु इस समय मंदिर के कपाट बंद हैं और यह भगवान के विश्राम का समय था इसलिए मैं यहाँ नहीं रुका और भगवान श्री नाथ जी को मन ही मन नमन करके आगे बढ़ चला।  

श्री एकलिंग जी मंदिर - कैलाशपुरी 

कुछ समय बाद मैं मेवाड़ के अत्यंत ही प्राचीन स्थल कैलाशपुरी पहुंचा। यह मेवाड़ वंश के कुलदेवता श्री एकलिंग जी का स्थान है जहाँ उनका भव्य प्राचीन मंदिर स्थित है। एकलिंग जी के मंदिर में किसी भी इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तु का  प्रयोग करना निषेध है। इसलिए जब मैंने यहाँ अपने मोबाइल से इन प्राचीन मंदिरों की एक छवि लेने की कोशिस की तो मुझे तुरंत सुरक्षा कर्मचारियों ने पकड़ लिया और मेरा मोबाइल जमा करवा लिया। 

श्री एकलिंग जी मंदिर में भगवान शिव का प्राचीन शिवलिंग है जिसके दर्शन करने के पश्चात और इस मंदिर परिसर को पूरी तरह घूम लेने के बाद मैं सिक्योरिटी ऑफिस पंहुचा और अपना मोबाइल वापस लिया। मोबाइल वापस पाकर मैं मंदिर के बाहर आया और एक गिलास गन्ने का जूस पिया। यह स्थान अत्यंत ही एक पावन भूमि है जहाँ से मेवाड़ वंश के सभी राणा और महाराणाओं का गहरा नाता रहा है। 

श्री एकलिंग जी अर्थात भगवान शिव, प्राचीन काल से ही मेवाड़ के कुलदेवता के रूप में पूजे जाते रहे हैं। वर्तमान में भी यह सिलसिला निरंतर जारी है। मेवाड़ वंश के राजाओं के लिए श्री एकलिंग जी का महत्त्व सबसे बढ़कर है क्योंकि माना जाता है जब तक मेवाड़ की भूमि पर भगवान एकलिंग जी स्वयं विराजमान रहेंगे तब तक मेवाड़ राज्य की उन्नति और प्रतिष्ठा में कभी कोई कमी नहीं आएगी। 

आज श्री एकलिंग जी के दर्शन करने के बाद मेरे मन को दिव्य शांति की अनुभूति सी हुई। एकलिंग जी  के दर्शन करने के पश्चात मैं मेवाड़ राज्य के संस्थापक श्री बाप्पा रावल जी  की समाधी के दर्शन करने पहुंचा। 


राजसमंद या राजनगर का चौक और बस अड्डा 

श्री एकलिंग जी मंदिर के द्वार 

श्री एकलिंग जी का मंदिर 


एकलिंग जी मंदिर 

श्री बाप्पा रावल की समाधी और पैनोरोमा 

एकलिंग जी से निकलने के बाद अरावली पर्वतमालाओं से घिरे इस कैलाशपुरी क्षेत्र में एकलिंग जी मंदिर से कुछ दूर मेवाड़ राज्य के संस्थापक बाप्पा रावल जी की समाधी है। यह समाधी, प्रकृति के सुरम्य और शांत वातावरण के बीच घने जंगलों में बनी है। समाधी का प्रकार एक मंदिर स्वरूप में है, जब मैं यहाँ पहुंचा तो इस समाधि मंदिर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था किन्तु कुछ ही समय बाद यहाँ  की देख रेख करने वाले श्री महंत आये  और उन्होंने मुझे इसका दरवाजा खोलकर बाप्पा की समाधी के दर्शन करवाए। इसके एवज में कुछ भेंट भी मैंने उन्हें प्रदान की। 

समाधी के निकट ही बाप्पा रावल अश्वारूढ़ प्रतिमा है जो उनके गौरवशाली अतीत की याद दिलाती है। चूँकि बाप्पा रावल को ही मेवाड़ का वास्तविक संस्थापक माना जाता है किन्तु उनका नाम और उनका काम अभी भारत के जन - जन के बीच इतना लोकप्रिय नहीं हुआ, इसका कारण अज्ञात है। 

इसलिए यहाँ उनके नाम से एक भव्य पैनोरोमा महल बनाया गया है जिसके अंदर बाप्पा रावल के जन्म से लेकर उनके मेवाड़ का राजा बनने तक की कथा तथा उनके बाद भारत के वीर सम्राट के रूप में जिन्होंने अरब आक्रमणकारियों से ना केवल मेवाड़ की अपितु  समस्त भारतभूमि की रक्षा करने की गाथा, मिटटी से बनी प्रतिमाओं और यहाँ लगे चित्रों के माध्यम से हमें ज्ञात होती है।  

आइये बाप्पा रावल के बारे विस्तार से जानते हैं -  

बप्पा रावल मेवाड़ के गुहिल या गहलोत राजपूत वंश के एक महान और प्रतापी शासक थे। बाद के इतिहास और लोककथाओं में उन्हें मेवाड़ राज्य का वास्तविक संस्थापक माना जाता है।

इतिहासकारों के अनुसार बप्पा रावल का वास्तविक नाम कालभोज या कालभोजादित्य था। 'बप्पा' एक आदरसूचक शब्द था और 'रावल' उनकी उपाधि थी। वह गुहिल वंश के राजा थे। आगे चलकर इसी वंश से राणा कुंभा, राणा सांगा और महाराणा प्रताप जैसे महान योद्धा हुए।

सन् 734 ईस्वी में, करीब 20 वर्ष की आयु में बप्पा रावल ने मौर्य (मोरी) वंश के शासक मान मोरी को पराजित कर चित्तौड़ दुर्ग पर अधिकार किया था। 8वीं शताब्दी में जब अरब आक्रमणकारियों ने भारत के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर हमले किए, तब बप्पा रावल ने अन्य हिंदू राजाओं के साथ मिलकर उनका कड़ा मुकाबला किया और उन्हें खदेड़ दिया।

बप्पा रावल भगवान शिव के परम भक्त थे। उन्होंने 734 ई. में उदयपुर के पास कैलाशपुरी में एकलिंगजी का मंदिर बनवाया था और नागदा को अपनी राजधानी बनाया। 

मेवाड़ के शासक खुद को भगवान एकलिंगजी का 'दीवान' (सेवक) मानकर राज्य चलाते थे, जिसकी शुरुआत बप्पा रावल ने की थी। उन्हें गुरु हारीत ऋषि का आशीर्वाद प्राप्त था।

बप्पा रावल के समय के शुद्ध सोने के सिक्के मिलते हैं, जिन पर त्रिशूल, नंदी, शिवलिंग और गाय-बछड़े के चिह्न अंकित हैं।

किंवदंतियों और लोककथाओं के अनुसार, उनका प्रभाव और सैन्य अभियान दूर-दूर तक थे। पाकिस्तान के प्रसिद्ध शहर रावलपिंडी का नाम भी बप्पा रावल के नाम पर ही आधारित माना जाता है। 

53 ई. में बप्पा रावल ने 39 वर्ष की आयु में सन्यास लिया। इनका समाधि स्थान एकलिंगपुरी से उत्तर में एक मील दूर स्थित है । इस तरह इन्होंने कुल 19 वर्षों तक शासन किया।बप्पा रावल का देहान्त नागदा में हुआ, जहाँ इनकी समाधि स्थित है।



श्री बाप्पा रावल मंदिर 

श्री बाप्पा रावल मंदिर 

श्री बाप्पा रावल समाधि मंदिर 




श्री बाप्पा रावल पैनोरमा 




श्री बाप्पा रावल की अश्वारूढ़ प्रतिमा 



जय मेवाड़ 

जय मेवाड़ 


बाप्पा रावल पैनोरमा का एक दृश्य 

बाप्पा रावल मंदिर के निकट एक बांध और छोटा सा झरना 

अगला भाग :- मेवाड़ की प्राचीन राजधानी नागदा 

No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.