भाग 7 - श्री साँवरिया सेठ जी का प्राकट्य स्थल और मंदिर
गिलूण्ड का टीला देखने के बाद मैं कपासन होते हुए, चित्तौड़गढ़ हाईवे पहुंचा। यहाँ तक आते आते मुझे काफी गर्मी और प्यास भी लग आई थी। एक राष्ट्रीय राजमार्ग के पुल के नीचे खड़े होकर मैंने थोड़ी छाया प्राप्त की और एक गिलास गन्ने का जूस पिया। आज मेरा मन बाइक से चित्तौड़गढ़ का किला देखने का था किन्तु समयाभाव के कारण तथा इसे मैं पूर्व में देख भी चूका हूँ इसलिए यहाँ जाने का विचार मैंने अपने मन से त्याग दिया। माँ को याद करते हुए अब मैं श्री सांवरिया सेठ जी के मंदिर की ओर बढ़ चला जो इसी राजमार्ग के किनारे यहाँ से लगभग २७ किमी दूर थे।
चित्तौड़ से उदयपुर जाने वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग अभी नवनिर्मित है और बेहद शानदार है। बस अभी धूप बहुत तेज थी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर धूप से बचने का कोई विकल्प मौजूद नहीं था। श्री सांवरिया सेठ जी को याद करते करते अंततः मैं कुछ देर बाद भादसोरा पहुंचा। भादसोरा श्री साँवरिया सेठ जी की भूमि है, इसी भूमि पर इनका प्रार्दुभाव हुआ।
मैं साँवरिया सेठ जी के जन्मस्थान पर पहुंचा। यह एक शानदार और भव्य मंदिर है। बाइक को एक स्थान पर लगाकर मैंने यहाँ लगे वाटरकूलर से जी भरकर ठंडा पानी पिया और मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर काफी देर छाया प्राप्त की। मंदिर की इन सीढ़ियों पर बैठकर मैं अपनी माँ को याद कर रहा था जो अभी पिछले दो माह पूर्व ही मुझे अकेला छोड़कर इस संसार से विदा हो चली थीं। उनके यूँ अचानक चले जाने के बाद मेरे जीवन में एक अधूरापन सा आ चुका था जिसकी चाहकर भी मैं पूर्ती नहीं कर सकता था।
माँ को याद करते करते ही अचानक घर की याद आ गई जहाँ इस समय मेरी पत्नी कल्पना और मेरी छोटी बहिन निधि मौजूद थे। मैंने तुरंत अपना फोन निकाला और उन्हें वीडियो कॉल किया। होली का त्यौहार नजदीक है इसलिए अभी दोनों घर पर गुजिया बनाने में व्यस्त हैं। कल्पना और निधि से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद मन को थोड़ी सी राहत मिली। मैंने उन दोनों को वीडियो कॉल पर ही इस सांवरिया सेठ जी के मंदिर के दर्शन कराये और खुद भी किये।
यह मंदिर श्री सांवरिया सेठ जी का प्राकट्य स्थल है, यहीं इसी स्थान पर भगवान श्री कृष्ण के स्वरुप संवारियाँ सेठ जी की तीन भव्य मूर्तियां प्राप्त हुईं थीं।
