मेवाड़ की ऐतिहासिक यात्रा पर - वर्ष 2024
भाग 6 - गिलूण्ड - एक हड़प्पाकालीन स्थल
आज मेवाड़ यात्रा का दूसरा दिन था, मैंने सुन रखा था कि राजसमंद के पास गिलूण्ड नाम का एक टीला है जो मेवाड़ का एकमात्र हड़प्पाकालीन स्थल है। गूगल मैप में जब मैंने इसकी लोकेशन देखी तो जाना कि यह राजसमंद से 45 किमी दूर रेलमगरा की तरफ है। सुगंधा ने सुबह का नाश्ता लाकर दिया और शाम को जल्दी आने का कहा। जीतू की बाइक लेकर आज मैं राजसमंद से चित्तौड़गढ़ के लिए बाइक से निकल पड़ा।
कांकरोली स्टेशन के नजदीक से होकर मैं एमरा, राज्यवास होते हुए लगभग एक घंटे बाद रेलमगरा पहुंचा। रेलमगरा से आगे वाला गाँव गिलूण्ड ही था। थोड़ी देर पश्चात मैं गिलूण्ड गाँव में पहुंचा। गाँव में एक बड़े नीम के पेड़ के नीचे गाँव के कुछ बुजुर्ग बैठे हुए थे जो आपस में राजस्थानी भाषा में कुछ बातें कर रहे थे, मैंने उनसे गिलूण्ड के उस ऐतिहासिक हड़प्पाकालीन टीले के बारे में पूछा। उन्होंने मुझे एक पुराने टीले की तरफ जाने वाले रास्ते के बारे में बताया किन्तु यह सिंधुघाटी सभ्यता या हड़प्पाकालीन है इसके बारे में मुझे यहाँ से कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई।
गूगल द्वारा बताई लोकेशन और गाँव के बुजुर्गों द्वारा दिया गया मार्ग इशारा भी एक ही दिशा में चलने को बता रहे थे इसलिए अब मैं गाँव के अंदर होते हुए टीले की खोज में बढ़ चला। पूरा गाँव निकलने के बाद अब रास्ता भी संकरा हूँ चला था। पक्की सड़क की जगह अब गाँव की रेतीली और पथरीली छोटी सी सड़क पर मुझे बढ़ना पद रहा था किन्तु टीला अभी तक दिखाई नहीं दे रहा था।
गाँव से कुछ दूर निकलने के बाद मैं बनास नदी के नजदीक तक पहुंचा, किन्तु यहाँ भी गूगल की लोकेशन मेरे लिए गलत साबित हो गई। गूगल टीले की लोकेशन जहां दिखा रहा था वहां जाने के लिए मुझे कोई सड़क या मार्ग दिखाई नहीं दे रहा था किन्तु लोकेशन से यह अवश्य ज्ञात हो रहा था कि मैं टीले के आसपास ही कहीं था। गाँव अब काफी पीछे रह गया था और यह स्थान एकदम सुनसान था, अब यहाँ कोई भी प्राणी मुझे नजर नहीं आ रहा था जिससे मैं टीले तक जाने का सही रास्ता जान पाता।
अन्ततः एक पेड़ के नीचे मैंने बाइक खड़ी कर दी और अब पैदल ही मैं टीले की ओर जाने वाले रास्ते को खोजने लगा था। कुछ देर बाद मेरी यह मेहनत सफल भी हो गई जब मैंने यहाँ पुरातत्व विभाग द्वारा लगे एक नीले बोर्ड को देखा। इस बोर्ड को देखकर मुझे जितनी ख़ुशी हुई उसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। यहाँ इस बोर्ड के लगे होने का मतलब था कि मैं उस प्राचीन टीले के आसपास ही कहीं था। जल्दी ही मुझे टीला भी नजर आ गया।
एक खेत में से होकर मैं टीले के नजदीक बने इसके गेट तक पहुंचा जो पुरातत्व विभाग द्वारा लगवाया गया था। टीले के चारोँ ओर पुरातत्व विभाग की लोहे की रेलिंग बनी हुई थी, और इस रेलिंग के अंदर जो भूभाग था वही गिलूण्ड का ऐतिहासिक हड़प्पाकालीन टीला था। यह समतल जमीन से थोड़ा ऊँचा उठा हुआ पठारी भाग है जिसपर राजस्थानी कांटे की झाड़ियां और अन्य घास फुस उगी हुईं थीं। प्राचीन मृदभांडों के टूटे हुए अवशेष अनेकों जगह बिखरे पड़े थे। टीले के एक ऊँचे भाग में एक छोटा सा मंदिर प्रांगण भी था जहाँ कोई साधू रहता होगा और यहीं उसके द्वारा किये हवन कुंड और उसकी राख भी मुझे दिखाई दी।
टीले के इस ऊँचे भाग पर मंदिर ने नजदीक ही एक बड़ा नीम का पेड़ था, जिसकी छाया में खड़े होकर मैंने कुछ देर ठंडी हवा का आनंद लिया और पास में बने एक नल से पानी पीकर प्यास को तृप्त किया। यह टीला भले ही ऐतिहासिक हो और प्राचीन सिंधु घाटी सभ्यता का एक स्थान हो किन्तु वर्तमान में यहाँ देखने को कुछ नहीं था, मुझे यहाँ कोई भी पुरातत्व सामग्री या प्राचीन निर्माण दिखाई नहीं दिया।
