Tuesday, November 10, 2026

MEWAR 2024 : RAJSAMAND TO MATHURA RETURN TRIP

 मेवाड़ की ऐतिहासिक यात्रा पर वर्ष - 2024 

भाग 10 - कांकरोली से मावली मीटरगेज रेल यात्रा और घर वापसी 

नागदा के प्राचीन मंदिरों को देखने के बाद मैं शीघ्र से शीघ्र राजसमंद लौटना चाहता था क्योंकि आज मेरी घर वापसी की यात्रा है और मुझे शाम को पांच बजे कांकरोली से मावली जाने वाली मीटरगेज की ट्रेन भी पकड़नी थी। मेरा मोबाइल भी अब बिना बैटरी के बंद हो चला था अन्यथा नाथद्वारा में विश्व की सबसे ऊँची भगवान शिव की विशाल प्रतिमा का एक फोटो अवश्य लेना चाहता था। सुबह के समय धूप प्रतिमा के पीछे थी इसलिए छवि साफ़ नहीं आ रही थी सोचा था कि लौटते समय अवश्य लूंगा किन्तु एक तो घर लौटने के शीघ्रता थी और दूसरा मोबाइल भी बंद हो चला था। 

जल्द ही मैं राजसमंद जीते के घर पहुंचा। जीतू दोपहर में ही अपनी माइंस से आ चुका था और वह भी मेरे साथ मथुरा जाने की तैयारी में लगा हुआ था। मुझे यह देखकर अत्यंत ही ख़ुशी हुई कि जीते अपने परिवार सहित होली के इस पावन पर्व पर अपने गाँव आयरा खेड़ा लौट रहा था। दो दिन बाद होली है और अब हम साथ में ही ब्रज की होली मनाने के लिए वापस अपने गृहनगर लोटने की तैयारी में जुट गए। 

जीते, रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक ऑटो ले आया और राजसमंद वाले घर का ताला लगाकर हम शाम को कांकरोली रेलवे स्टेशन पहुंचे। एक लम्बे समय बाद जीते इस स्टेशन पर आया था जबकि वह यहाँ का वर्तमान निवासी है। मीटरगेज के इस स्टेशन पर आकर हम दोनों की पुरानी यादें ताजा हो गईं, जब कभी हम जीते के गाँव आयरा खेडा से राया रेलवे स्टेशन आते थे और वहां से मथुरा होते हुए अपने आगरा कैंट पहुँचते थे। राया का रेलवे स्टेशन भी उनदिनों मीटरगेज का ही रेलवे स्टेशन हुआ करता था। 

कांकरोली स्टेशन पर आज हमारी वही पुरानी यादें फिर से ताजा हो चली थीं। जल्द ही हमें ट्रेन के आने सीटी सुनाई दी और कुछ ही समय बाद मीटरगेज के वही ट्रेन मेरे सामने आ चुकी थी जिससे कुछ दिन पूर्व मैं यहाँ आया था। ट्रेन आने से पूर्व हमने रेलवे स्टेशन पर अपने अनेकों फोटो लिए और ट्रेन आने के बाद जीते का बचपन और मेरा बचपन एकबार पुनः जागृत सा हो गया और इस ट्रेन में काफी मस्ती करते और फोटो खिचवाते हुए जल्द ही मावली पहुंचे। 

मावली से मथुरा तक मेवाड़ एक्सप्रेस में मेरा रिजर्वेशन कन्फर्म था किन्तु जीते का प्लान अचानक अपने घर लौटने का बना था इसलिए वह इसमें अपना रिजर्वेशन नहीं करा पाया था। मावली स्टेशन पर आज काफी भीड़ थी, लोग होली के त्यौहार पर अपने अपने घर लौटने लगे थे। जल्द ही मेवाड़ एक्सप्रेस मावली जंक्शन पर पहुंची और हम अपने अपने कोचों में सवार हो गए। 

मेवाड़ एक्सप्रेस में आरक्षित शयनयान कोच में भी लोग सामान्य श्रेणी की टिकट लेकर सवार हो गए थे। चित्तौडग़ढ़ से निकलने के बाद तो कोच की हालत ऐसी हो गई कि फर्श पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची थी। मेरी सीट साइड अपर थी, मेरी सीट पर भी एक दो लोगों ने अपना कब्ज़ा ज़माने की कोशिस की। इस भीड़ को देखकर मुझे जीते और उसके परिवार का ख्याल आया कि पता नहीं वो लोग जनरल कोच में कैसे सवार हुए होंगे। मैं चाहता था कि वो मेरे इसी कोच में आ जाएँ किन्तु अत्यधिक भीड़ और कोचों की आपस में दूरी के कारण यह संभव नहीं हो सका और जैसे तैसे करके हमने मथुरा तक इस सफर को पूरा किया। 


   






































No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.