भाग 7 - श्री साँवरिया सेठ जी का प्राकट्य स्थल और मंदिर

गिलूण्ड का टीला देखने के बाद मैं कपासन होते हुए, चित्तौड़गढ़ हाईवे पहुंचा। यहाँ तक आते आते मुझे काफी गर्मी और प्यास भी लग आई थी। एक राष्ट्रीय राजमार्ग के पुल के नीचे खड़े होकर मैंने थोड़ी छाया प्राप्त की और एक गिलास गन्ने का जूस पिया। आज मेरा मन बाइक से चित्तौड़गढ़ का किला देखने का था किन्तु समयाभाव के कारण तथा इसे मैं पूर्व में देख भी चूका हूँ इसलिए यहाँ जाने का विचार मैंने अपने मन से त्याग दिया। माँ को याद करते हुए अब मैं श्री सांवरिया सेठ जी के मंदिर की ओर बढ़ चला जो इसी राजमार्ग के किनारे यहाँ से लगभग २७ किमी दूर थे।
चित्तौड़ से उदयपुर जाने वाला यह राष्ट्रीय राजमार्ग अभी नवनिर्मित है और बेहद शानदार है। बस अभी धूप बहुत तेज थी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर धूप से बचने का कोई विकल्प मौजूद नहीं था। श्री सांवरिया सेठ जी को याद करते करते अंततः मैं कुछ देर बाद भादसोरा पहुंचा। भादसोरा श्री साँवरिया सेठ जी की भूमि है, इसी भूमि पर इनका प्रार्दुभाव हुआ।
मैं साँवरिया सेठ जी के जन्मस्थान पर पहुंचा। यह एक शानदार और भव्य मंदिर है। बाइक को एक स्थान पर लगाकर मैंने यहाँ लगे वाटरकूलर से जी भरकर ठंडा पानी पिया और मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर काफी देर छाया प्राप्त की। मंदिर की इन सीढ़ियों पर बैठकर मैं अपनी माँ को याद कर रहा था जो अभी पिछले दो माह पूर्व ही मुझे अकेला छोड़कर इस संसार से विदा हो चली थीं। उनके यूँ अचानक चले जाने के बाद मेरे जीवन में एक अधूरापन सा आ चुका था जिसकी चाहकर भी मैं पूर्ती नहीं कर सकता था।
माँ को याद करते करते ही अचानक घर की याद आ गई जहाँ इस समय मेरी पत्नी कल्पना और मेरी छोटी बहिन निधि मौजूद थे। मैंने तुरंत अपना फोन निकाला और उन्हें वीडियो कॉल किया। होली का त्यौहार नजदीक है इसलिए अभी दोनों घर पर गुजिया बनाने में व्यस्त हैं। कल्पना और निधि से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद मन को थोड़ी सी राहत मिली। मैंने उन दोनों को वीडियो कॉल पर ही इस सांवरिया सेठ जी के मंदिर के दर्शन कराये और खुद भी किये।
यह मंदिर श्री सांवरिया सेठ जी का प्राकट्य स्थल है, यहीं इसी स्थान पर भगवान श्री कृष्ण के स्वरुप संवारियाँ सेठ जी की तीन भव्य मूर्तियां प्राप्त हुईं थीं।
श्री साँवरिया सेठ जी की प्रतिमाओं का प्राकट्य और इतिहास
श्री सांवलिया जी, जिन्हें भक्तजन सांवलिया सेठ (Sanwaliya Seth) और सांवरिया सेठ (Sanwariya Seth) के नाम से भी श्रद्धापूर्वक जानते हैं, भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप माने जाते हैं।
सन 1840 में तत्कालीन मेवाड राज्य के समय उदयपुर से चित्तोड़ जाने के लिए बनने वाली कच्ची सड़क के निर्माण में बागुन्ड गाँव में बाधा बन रहे बबूल के बृक्ष को काटकर खोदने पर वहा से भगवान् कृष्ण की सांवलिया स्वरुप तीन प्रतिमाएं निकली।
किवंदती के अनुसार ये मुर्तिया नागा साधुओं द्वारा अभिमंत्रित थी जिनको आक्रमणकारियों के डर से यहाँ जमीन में छिपा दिया गया। कालान्तर में वहा बबूल का एक वृक्ष बना। वृक्ष की जड़ निकालते समय वहां भूगर्भ में छिपे श्री सांवलियाजी की सुंदर एवम मनमोहक तीन प्रतिमाएं एक साथ देखकर मजदूर व स्थानीय व्यक्ति बड़े आनंदित हुए।
भादसोड़ा(Bhadsoda) में सुथार जाति के अत्यंत ही प्रसिद्ध गृहस्थ संत पुराजी भगत रहते थे। उनके निर्देशन में इन मूर्तियों की सार संभाल की गयी तथा उन्हें सुरक्षित रखा गया। एक मूर्ति भादसोड़ा गाँव ले जाई गयी जहाँ भींडर ठिकाने की और से भगतजी के निर्देशन में सांवलिया जी का मंदिर बनवाया गया। दूसरी मूर्ति मण्डफिया गाँव ले जाई गयी वहा भी सांवलियाजी मंदिर बना कालांतर में जिसकी ख्याति भी दूर-दूर तक फेली। आज भी वहा दूर-दूर से हजारों यात्री प्रति वर्ष दर्शन करने आते हैं।
इस स्थान के पास ही भादसोड़ा गाँव है जिसका 1000 साल से भी पुराना इतिहास है। अजमेर व देहली के शासक वीर पृथ्वीराज चौहान की बहन पृथा का विवाह चित्तोड़ के राणा समर सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद पृथा के साथ दासियाँ व चारण सरदार चित्तोड़ आ गए जिन्हें राणा समरसिंह ने 12 गाँव जागीर में दिए थे। इन गावों में भादसोड़ा गाँव भी शामिल था।
 |
| श्री साँवरिया सेठ का प्राकट्य स्थल |
 |
| हनुमान मंदिर |
 |
| श्री साँवरिया सेठ का प्राकट्य स्थल |
 |
| जय हनुमान |
 |
| श्री साँवरिया सेठ का प्राकट्य स्थल |
 |
| श्री साँवरिया सेठ का प्राकट्य स्थल |
बागुण्डा स्थित प्राकट्य स्थल देखने के बाद मैं यहाँ से दस किमी दूर मण्डफिया गाँव के लिए प्रस्थान कर गया जहाँ भगवान श्री सांवरियां सेठ जी की सबसे छोटी मूर्ति स्थापित है। मण्डफिया स्थित श्री सांवरियां सेठ जी का मंदिर सबसे विशाल, भव्य और प्रसिद्ध मंदिर है। यहाँ दूर दूर से लाखों भक्त श्री साँवरिया सेठ जी के दर्शनों के लिए आते हैं। यहाँ एक बड़ा बाजार है और रुकने ठहरने के लिए अनेकों होटल और धर्मशालाएं हैं।
मंदिर का प्रांगण बहुत ही बड़ा, विशाल एवं भव्य है। गुजरात एवं राजस्थान के प्रसिद्ध व्यापारी वर्ग द्वारा इस मंदिर का लोक निर्माण हुआ है, मंदिर के फर्श सुन्दर और चमकदार संगमरमर से बने हैं, मंदिर में पत्थर की उन्नत कारीगरी देखने को मिलती है। यहाँ के व्यापारी लोग श्री सांवरियां सेठ जो को अपने व्यापार में अपना साझीदार भी बनाते हैं और जो उनका लाभ होता है वो इस मंदिर में आकर श्री सांवरिया सेठ जी को दान करते हैं।
 |
| मण्डफिया की ओर |
 |
| मण्डफिया द्वार |
 |
| मण्डफिया स्थित श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| जय श्री कृष्ण |
मण्डफिया के श्री सांवरिया सेठ जी के मंदिर में काफी देर बैठने और उनके दर्शन करने के पश्चात मैं वापस राजसमंद की तरफ रवाना हो चला था। मैं श्री सांवरिया सेठ जी की दोनों प्राचीन मूर्तियों के दर्शन कर चूका था अब मुझे इनकी तीसरी मूर्ति के दर्शन करने थे जी राजमार्ग पर भादसोरा गाँव में एक मंदिर में स्थित है।
मण्डफिया से निकलने के बाद मैं भादसोरा पहुंचा और लोगों से मंदिर जाने वाली सड़क को पूछते पूछते मैं जल्द ही श्री साँवरिया सेठ जी के इस तीसरे मंदिर पर पहुंचा। यह मंदिर प्राचीन है और गाँव के बीच बाजार में स्थित है। मंदिर में श्री साँवरिया सेठ जी की भव्य प्रतिमा स्थापित है। मैंने आज श्री सांवरिया सेठ जी के तीनों प्रतिमाओं और मंदिरों के दर्शन किये।
मेरा आज का दिन भी काफी सफल रहा। भादसोरा से ही सीधे कपासन जाने वाली सड़क जाती है। यह बहुत शानदार रास्ता था मैं इसी रास्ते से कपासन आया और फिर यहाँ से रेलमगरा होते हुए देर शाम राजसमंद पहुँच गया।
 |
| भादसोड़ा स्थित श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
 |
| श्री सांवरिया सेठ जी का मंदिर |
धन्यवाद
No comments:
Post a Comment
Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.