Sunday, November 22, 2026

KUMANYU 2024 : MTJ TO LKU - AGRA FORT EXPRESS

कुमाँयू के सफर पर भाग - 1 

मथुरा से कौसानी की यात्रा 




28 - 29 MAY 2024, 

गर्मियों के इन दिनों में मैंने अपने ससुरालपक्ष के सदस्यों के साथ कुमायूँ की एक पर्वतीय यात्रा का प्लान बनाया। इस प्लान के तहत हम कौसानी, अल्मोड़ा और नैनीताल की यात्रा करने की तैयारियों में जुट गए। यात्रा से एक महीने पहले ही हमने अपनी इस यात्रा की तैयारियां करना शुरू कर दिया। व्हाट्सअप पर हमने अपने यात्रा का एक ग्रुप बनाया और सारे सदस्यों को उसमें जोड़ दिया जिससे यात्रा से सम्बंधित महत्वपूर्ण जानकारियां सभी सदस्यों को मिलती रहे। ससुराल पक्ष के सदस्यों के अलावा मैंने अपने मित्र कुमार और अपनी सहयात्री बहिन साधना को भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए कहा। 

अन्ततः वो दिन आ गया जब हम कुमायूँ की इस यात्रा के लिए घर से प्रस्थान कर गए। कुमार और साधना किसी कारण इस यात्रा पर हमारे साथ नहीं जा रहे थे। अब सिर्फ मेरी ससुराल पक्ष के सदस्य ही इस यात्रा में मेरे साथ थे और इस प्रकार मुझे अपने ससुरालपक्ष के सदस्यों को अपना सहयात्री बनाने का मौका मिला। इन सदस्यों में मेरी पत्नी कल्पना, उसकी दोनों बड़ी बहिने सोनिका और मोनिका तथा उनके पति व बच्चे भी साथ थे। इधर कल्पना का भाई श्याम और उसकी पत्नी रजनी भी हमारी इस यात्रा में हमारे सहयात्री थे। 



मथुरा से लालकुआँ तक हमने आगरा फोर्ट एक्सप्रेस में आरक्षण कराया हुआ था। यह ट्रेन रात को साढ़े दस बजे मथुरा स्टेशन पहुँचती है। हम ट्रेन के आने से ठीक पहले मथुरा रेलवे स्टेशन पहुंचे और अपने क्रमांक वाले स्थान पर खड़े हो गए। मैं और मेरे यह सभी यात्री आज बहुत खुश थे, हम सभी आज पहलीबार किसी यात्रा पर एक साथ जा रहे थे। अपने निर्धारित समय से ट्रेन भी प्लेटफॉर्म पर आ चुकी थी, ट्रेन में हमने अपनी अपनी सीटों पर स्थान ग्रहण किया और हम ब्रजभूमि से कुमायूँ की भूमि की तरफ प्रस्थान कर गए। 

अपनी बड़ी बहिनों के साथ कल्पना आज बहुत प्रसन्न थी, बहुत लम्बे समय बाद आज मैंने उसके चेहरे पर हंसी और दिल में ख़ुशी देखी थी अन्यथा माँ के जाने के बाद से ही वह अत्यंत गम्भीर, दुखी और अकेलेपन की शिकार हो चली थी। अपनी पत्नी को उसके अपनों के बीच इस यात्रा में ऐसे खुश देखकर मुझे भी आज बहुत प्रसन्नता हुई और मैंने प्रत्येक वर्ष एक ऐसी ही यात्रा प्लान करने का निश्चय किया जिसमें सहयात्री के रूप में मेरी पत्नी कल्पना के परिवारीजन शामिल हों। 

अगली सुबह हम ट्रेन से लालकुआँ रेलवे स्टेशन पहुंचे। हमने यहाँ इस ट्रेन को छोड़ दिया क्योंकि यह अब यहाँ से रामनगर की ओर जाने वाली थी और जबकि हमारी आज की मंजिल कौसानी थी जिसके लिए हमें अभी लालकुआँ से आगे हल्द्वानी पहुंचना था। लालकुआँ स्टेशन के वेटिंगरूम में नित्यक्रिया और कुल्ला दातुन करने के बाद हम सभी स्टेशन के बाहर आये। सुनील और ब्रजेश भाईसाब हमें यहाँ एक चाय की दुकान पर लेकर आये और हम सभी ने सुबह की चाय का आनंद लिया। लालकुआं से हल्द्वानी जाने के लिए हमने बस की काफी देर प्रतीक्षा की किन्तु जब कोई बस नहीं आई तो हम  एक ऑटो द्वारा हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए। 

हल्द्वानी के बस स्टैंड पर हमें कौसानी जाने वाली एक सीधी प्राइवेट बस मिल गई और इस बस द्वारा हम कुमायूँ की पर्वतीय यात्रा पर निकल पड़े। काठगोदाम से थोड़ा आगे निकलते ही बस में कुछ खराबी आ गई जिसकारण काफी देर तक बस यहाँ खड़ी रही परन्तु बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने जल्दी से इसे ठीक करवा लिया और बस आगे बढ़ चली। काठगोदाम से निकलते ही पर्वतीय मार्ग शुरू हो जाता है और हम ज्वालीकोट होते हुए नैनीताल पहुंचे। नैनीताल घूमने का प्लान हमने लौटते समय प्लान किया था इसलिए हम यहाँ नहीं रुके और इसी बस से कौसानी की तरफ बढ़ चले। 

नैनीताल से आगे निकलते ही हमें कैंची धाम  में भारी जाम का सामना करना पड़ा। आजकल कैंचीधाम आने वाले  श्रद्धालुओं की भीड़ में काफी इजाफा हो गया है, इस समय अधिकांश लोग बाबा नीबकरोरी के  दर्शन करने के लिए कैंचीधाम आ रहे हैं। यह कैंचीधाम के ट्रेंड की शुरुआत है क्योंकि जब मैं सन 2018 में अपनी पत्नी कल्पना के साथ, अपनी एवेंजर बाइक से यहाँ आया था तब यहाँ कोई विशेष भीड़ नहीं थी, कैंचीधाम का मंदिर पूरी तरह से खाली  पड़ा हुआ था और आज यहाँ दर्शनों के लिए भक्तों की लम्बी लाइनें लगी हुईं थीं। 

जल्द जी ड्राइवर साब ने बस को जाम से निकाल दिया और आज मैं पहली बार कैंचीधाम से आगे कुमायूँ की यात्रा कर रहा था। समूचे उत्तराखंड राज्य को दो मंडलों में पहचाना जाता है, एक मंडल गढ़वाल कहलाता है जिसमें उत्तराखंड के चारों धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री शामिल हैं और दूसरा मंडल कुमायूँ कहलाता है जिसमे नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और मुनस्यारी जैसे स्थान शामिल हैं। यह उत्तराखंड का पूर्वी भाग है जिसकी सीमा पड़ोसी देश नेपाल को स्पर्श करती है। 

कैंची धाम से निकलने के बाद एक स्थान पर ड्राइवर साब ने  बस को आधे घंटे के लिए रोक दिया। अब दोपहर हो चली थी और भोजन करने का उपयुक्त समय भी था। ड्राइवर और कंडक्टर ने बस को एक रेस्टोरेंट पर खड़ा किया था जहाँ वह प्रतिदिन दोपहर का भोजन ग्रहण करते हैं। हमने भी इसी रेस्टोरेंट पर दोहर का भोजन ग्रहण किया जो अत्यंत ही स्वादिष्ट था। इसके बाद हम जल्दी ही रानीखेत पहुंचे। 

यह कुमायुं मंडल का एक प्रसिद्ध पर्वतीय स्थल है, अधिकतर लोग यहाँ गर्मियों की छुट्टियों का आनंद लेने के लिए आते हैं। रानीखेत से निकलने के बाद नज़ारे और भी मनमोहक हो चले थे, उत्तराखंड के पर्वतीय गाँव और उनके सीढ़ीदार खेत देखने बहुत ही सुन्दर लग रहे थे। धीरे धीरे बस लगभग खाली हो चली थी। हमारे अलावा बस में कौसानी जाने वाली कुछ ही सवारियां बची थीं। शाम तक बस ने हमें कौसानी पहुंचा दिया और यह यहाँ से वापस लौट गई। 

 कौसानी पहुंचकर हमने ठहरने के लिए एक अच्छे और सस्ते होटल की तलाश की और जल्द ही हमें एक होमस्टे के रूप में ऐसा होटल मिल गया जिसमे सिर्फ दो ही कमरे थे और आज के लिए हमने इन दोनों  कमरों को अपने लिए बुक कर लिया। 

यात्रा क्रमशः - अगले भाग में जारी 

मैं और आगरा फोर्ट एक्सप्रेस 

ब्रजेश व्यास जी अपनी सीटें देखते हुए 

कल्पना और उसकी बड़ी बहिन मोनिका व्यास 

ये हैं सोनू उपाध्याय, कल्पना की सबसे बड़ी बहिन  


मीटरगेज के दिनों के अवशेष 

बहेड़ी रेलवे स्टेशन 

लालकुआँ जंक्शन 

लालकुआँ पर मेरे सहयात्री 


कल्पना, मोनिका, सोनिका 




लालकुआँ स्टेशन के बाहर सुबह की चाय का आनंद 

हल्द्वानी से कौसानी की तरफ 

पर्वतीय रास्तों की शुरुआत 


नैनीताल रोड 


रास्ते में एक मंदिर  






कैंची धाम 

जय बाबा नीवकरोरी महाराज 

रानीखेत की तरफ 

दोपहर के भोजन की प्रतीक्षा में 

पर्वतीय मार्ग 














 

No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.