श्री छिन्नमस्तिका धाम यात्रा - 2024
आगरा छावनी से होशियारपुर - एक रेल यात्रा
वर्ष 2018 में, मैं अपनी माँ और पत्नी कल्पना के साथ माता चिंतपूर्णी देवी के दर्शन करने के लिए गया था। उस समय मेरा मित्र कुमार और मेरे बड़े मामा जी भी मेरे साथ थे और साथ ही किशोर मामा अपने परिवार सहित और मेरी बुआ जी भी मेरे साथ थे। आज लगभग 6 वर्ष बाद पुनः मुझे माता छिन्नमस्तिका धाम श्री चिंतपूर्णी देवी मंदिर जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
हिमाचलप्रदेश में स्थित माँ चिंतपूर्णी देवी का यह परम धाम, भारत में मुख्य शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ माँ अपने भक्तों की प्रत्येक चिंता को हर लेती हैं इसीलिए इन्हें माँ चिंतपूर्णी कहा जाता है अर्थात अपने भक्तों की चिंता को पूरी करने वाली। इस बार मेरे मित्र कुमार की भी किसी चिंता को माता ने पूरा कर दिया था इसलिए उसने मुझे फोन पर यहाँ चलने के लिए कहा। उसका कहना था कि वो जिस चिंता को पूरा करने के लिए 2018 में यहाँ धागा बांधकर आया था अब उसे खोलने का समय आ गया था अर्थात माता से मांगी हुई उसकी मुराद पूरी हो चुकी थी।
...
अपने मित्र की दरकार और माता के धाम जाने का यह सौभाग्य प्राप्त होने के बाद मैं कुमार के साथ चलने के लिए तुरंत राजी हो गया जबकि अभी होली से कुछ दिन पहले ही मैं अपनी मेवाड़ यात्रा से लौटा था। होली के तुरंत बाद मुझे कुमार के जरिये माता छिन्नमस्तिका के धाम से बुलाबा आ चुका था। कुमार, भारतीय रेलवे में कार्यरत है इसलिए मेरी टिकट भी उसने ही करवाई अपने अटेंडेंट के रूप में। हिना भाभी जी इसबार कुमार के साथ नहीं आ रही थी, उनकी जगह इस बार कुमार अपनी सबसे बड़ी बुआ जी को वहां साथ लेकर जा रहा था।
अब इस यात्रा में जाने वाले हम कुल तीन लोग थे, तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा वाली कहावत मुझे अच्छी तरह से याद थी इसलिए मैंने इस यात्रा पर जाने की सूचना अपनी प्रिय सहयात्री और छोटी बहिन साधना को दी, जो आगरा में ही कुमार के घर के नजदीक ही रहती है। साधना मेरी ममेरी बहिन है उसे मैं प्रेम से बहना कहकर सम्बोधित करता हूँ और वह मेरे साथ पहले भी कई यात्राओं में शामिल रही है इसलिए वह अब मेरी पसंदीदा सहयात्री भी बन चुकी है।
