Friday, November 13, 2026

AGRA CANTT TO HOSHIYARPUR : PUNJAB 2024

 श्री छिन्नमस्तिका धाम यात्रा - 2024 

आगरा छावनी से होशियारपुर - एक रेल यात्रा 


वर्ष 2018 में, मैं अपनी माँ और पत्नी कल्पना के साथ माता चिंतपूर्णी देवी के दर्शन करने के लिए गया था। उस समय मेरा मित्र कुमार और मेरे बड़े मामा जी भी मेरे साथ थे और साथ ही किशोर मामा अपने परिवार सहित और मेरी बुआ जी भी मेरे साथ थे। आज लगभग 6 वर्ष बाद पुनः मुझे माता छिन्नमस्तिका धाम श्री चिंतपूर्णी देवी मंदिर जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। 

हिमाचलप्रदेश में स्थित माँ चिंतपूर्णी देवी का यह परम धाम, भारत में मुख्य शक्तिपीठों में से एक है। यहाँ माँ अपने भक्तों की प्रत्येक चिंता को हर लेती हैं इसीलिए इन्हें माँ चिंतपूर्णी कहा जाता है अर्थात अपने भक्तों की चिंता को पूरी करने वाली। इस बार मेरे मित्र कुमार की भी किसी चिंता को माता ने पूरा कर दिया था इसलिए उसने मुझे फोन पर यहाँ चलने के लिए कहा। उसका कहना था कि वो जिस चिंता को पूरा करने के लिए 2018 में यहाँ धागा बांधकर आया था अब उसे खोलने का समय आ गया था अर्थात माता से मांगी हुई उसकी मुराद पूरी हो चुकी थी। 

...

अपने मित्र की दरकार और माता के धाम जाने का यह सौभाग्य प्राप्त होने के बाद मैं  कुमार के साथ चलने के लिए तुरंत राजी हो गया जबकि अभी होली से कुछ दिन पहले ही मैं अपनी मेवाड़ यात्रा से लौटा था। होली के तुरंत बाद मुझे कुमार के जरिये माता  छिन्नमस्तिका के धाम से बुलाबा आ चुका था। कुमार, भारतीय रेलवे में कार्यरत है इसलिए मेरी टिकट भी उसने ही करवाई अपने अटेंडेंट के रूप में। हिना भाभी जी इसबार कुमार के साथ नहीं आ रही थी, उनकी जगह इस बार कुमार अपनी सबसे बड़ी बुआ जी को वहां साथ लेकर जा रहा था। 

अब इस यात्रा में जाने वाले हम कुल तीन लोग थे, तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा वाली कहावत मुझे अच्छी तरह से याद थी इसलिए मैंने इस यात्रा पर जाने की सूचना अपनी प्रिय सहयात्री और छोटी बहिन साधना को दी, जो आगरा में ही कुमार के घर के नजदीक ही रहती है। साधना मेरी ममेरी बहिन है उसे मैं प्रेम से बहना कहकर सम्बोधित करता हूँ और वह मेरे साथ पहले भी कई यात्राओं में शामिल रही है इसलिए वह अब मेरी पसंदीदा सहयात्री भी बन चुकी है। 


माता के धाम से बुलाबा आया है इसलिए साधना तुरंत इस यात्रा पर चलने के लिए राजी हो गई। अंततः यात्रा का दिन आया और हम अपनी यात्रा पर निकलने के लिए पूरी तरह से तैयार थे। आगरा कैंट से होशियारपुर जाने वाली ट्रेन में कुमार ने अपना और अपनी बुआ जी का रिजर्वेशन करवाया था, उसके अटेंडेंट के रूप में मेरी भी सीट स्लीपर कोच में आरक्षित थी।

 साधना की टिकट कन्फर्म नहीं हुई इसलिए वह अपने पति भरत मोहन और पुत्र गोलू के साथ सामान्य कोच में सवार हो गई जोकि लगभग खाली ही पड़ा था। यह ट्रेन आगरा कैंट से ही बनकर चलती है इसलिए उसे आसानी से सामान्य  कोच में लेटने और बैठने के लिए सीट मिल गई थी। मैं भी मथुरा से इस ट्रैन में सवार हो गया। 

मथुरा के यह ट्रेन कुछ समय के लिए कोसी रुकी और इसके बाद इसने हमने सीधे हजरत निजामुद्दीन पहुंचा दिया और उसके तुरंत बाद हम देश की राजधानी नई दिल्ली में थे। नईदिल्ली के रेलवे स्टेशन पर इस ट्रैन का 15 से 20  मिनट का ठहराव है इसलिए मैं यहाँ अपने कोच से उतरकर ट्रेन के पीछे की ओर बैठी साधना से मिलने गया। भरत जी आराम से ऊपर वाली सीट पर सोये हुए थे। 

ज्यादा भीड़भाड़ ना होने के कारण साधना को भी आराम से सीट मिल ही गई थी। मैंने इससे अपनी आरक्षित सीट पर जाकर सोने के लिए कहा किन्तु पर्याप्त जगह होने के कारण उसने यहीं बैठे रहने के लिए कहा। उससे  मिलने के बाद मैं अपनी सीट पर आकर सो गया। 

...

अगली सुबह हम लुधियाना पार कर चुके थे, कुमार अपने AC वाले कोच से निकलकर मुझसे मिलने मेरे पास आया और हमने रेलवे वाली 2 कप चाय साथ में पी। जल्द ही हम जालंधर सिटी पहुंचे, यहाँ इस ट्रेन का इंजन आगे से हटकर पीछे की ओर लगता है, इसलिए यह यहाँ काफी देर खड़ी रहती है। जालंधर सिटी के बाद इसका अगला और अंतिम स्टेशन होशियारपुर है। 

जल्द ही ट्रेन जालंधर से होशियारपुर की ओर रवाना हो चली। मैं पहले भी होशियारपुर से आगरा तक यात्रा  कर चुका हूँ इसलिए मेरे  पुरानी यादें इस रेलमार्ग पर आकर पुनः ताजा हो गई। आज से लगभग 11 वर्ष पहले मैं यहाँ अपने माता पिता, अपनी बहिन रश्मि और कुमार के साथ इस रेलमार्ग पर आया था,  उस समय यह ट्रेन होशियारपुर से दिल्ली के बीच नाईट एक्सप्रेस के रूप में  चलती थी अब इसे आगरा कैंट तक बढ़ा दिया गया है। फिलहाल यह ट्रेन जालंधर के बाद से पूरी तरह से खाली हो चुकी थी और अब मैं अपनी बहिन साधना के साथ इस यात्रा को पूरा कर रहा था। 

जालंधर और होशियारपुर के बीच खुर्दपुर नाम का एक छोटा रेलवे स्टेशन है, यहाँ हमारी ट्रेन को बीच मैन लाइन में खड़ा कर दिया गया। यहाँ होशियारपुर से आने वाली डीएमयू से इसका क्रॉस होना था, इसलिए मैंने ट्रेन से उतरकर खुर्दपुर स्टेशन के नामपट्ट का एक फोटो ले लिया और गोलू के द्वारा इस स्टेशन के साथ अपने फोटो भी खिचवाये। कुछ ही देर बाद डीएमयू भी स्टेशन पर आ पहुंची। डीएम यू के आने के बाद हमारी ट्रेन भी होशियारपुर के लिए रवाना हो चली। 

...

कुछ समय बाद हम होशियारपुर पहुँच गए। लगभग 11 वर्ष बाद मैं पुनः इस स्टेशन पर लौटा था, उस समय की अपेक्षा यहाँ मुझे अधिकांश चीजें में परिवर्तन दिखाई दिया। स्टेशन में मुख्य परिसर में पहले यहाँ पीपल का एक विशाल वृक्ष था जिसे अब काट दिया गया है। इस पीपल के कटे हुए वृक्ष को देखकर मुझे काफी दुःख सा हुआ। इस समय इस स्टेशन की नई बिल्डिंग बनाने का कार्य चल रहा है इसीलिए इस पीपल के वृक्ष को भी काटना पड़ा है। हालांकि समय के साथ विकास भी आवश्यक है किन्तु यह पर्यावरण को बचाते हुए भी पूरा किया जा सकता है। 

हम स्टेशन परिसर से बाहर निकले और हमने यहाँ से होशियारपुर बस स्टैंड जाने के लिए एक बड़ा ऑटो शेयरिंग में बुक किया। कुछ समय बाद हम पंजाब के इस होशियारपुर शहर के मुख्य बस स्टैंड पर पहुँच गए थे। यहाँ माता चिंतपूर्णी का मंदिर लगभग 45 से 50 किमी दूर है जिसके लिए इस बस स्टैंड से चिंतपूर्णी जाने के लिए हर समय बस उपलब्ध रहती हैं। इस बस स्टैंड पर कुछ नाश्ता पानी करने के बाद हम एक बस द्वारा यहाँ से माता चिंतपूर्णी की ओर रवाना हो गए। 

मेरा मित्र कुमार 

लुधियाना से निकलती हमारी ट्रेन 

अगली सुबह भरत और साधना जागृत मुद्रा में 

मेरी बहिन - साधना 

पंजाब का एक रेलवे स्टेशन - खुर्दपुर 

खुर्दपुर स्टेशन पर गोलू 

खुर्दपुर स्टेशन पर मैं 

खुर्दपुर पर खड़ी डीएमयू और हमारी ट्रेन 

होशियारपुर रेलवे स्टेशन 

होशियारपुर स्टेशन पर भरत मोहन जी फोन पर बात करते हुए 



 

अगली यात्रा :- माता चिंतपूर्णी मंदिर  


No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.