Friday, November 27, 2026

KUMANYU 2024 : RUDRADHARI WATERFALL

 कुमाँयू के सफर पर भाग - 6  

रुद्रधारी महादेव मंदिर और रुद्रधारी जलप्रपात 



कौसानी टी एस्टेट से लौटते ही दोपहर बीत चली थी जबकि आज के दिन घूमने के लिए अभी एक मंजिल और शेष रह गई थी। दोपहर का भोजन करने के बाद हम कौसानी वापस लौटे और अब हमारी गाड़ी के ड्राइवर साब हमें रुद्रधारी जलप्रपात की ओर ले चले। रुद्रधारी जलप्रपात, कौसानी से लगभग 9 किमी दूर है।

उत्तराखंड के कुमाँयू क्षेत्र में कौसानी के नजदीक कांताली नामक एक स्थान है जहाँ रुद्रधारी महादेव मंदिर और रुद्रधारी जलप्रपात नाम से एक शांत और आध्यात्मिक स्थल है। यहाँ एक पहुँचने के लिए जंगल और पहाड़ी रास्तों से होकर एक छोटी ट्रेकिंग करनी पड़ती है, जहाँ भगवान शिव को समर्पित प्राचीन गुफा मंदिर और प्राकृतिक झरना देखने को मिलता है।

 कौसानी से निकलते ही एक पतली सी सड़क ऊँचे पहाड़ों की तरफ जाती है। अभी हम इन्हीं ऊँचे पहाड़ों की तरफ बढ़ रहे थे कि अचानक मौसम में परिवर्तन होना प्रारम्भ हो गया। जहाँ अभी तक मौसम सामान्य था वहीँ रुद्रधारी मंदिर और जलप्रपात वाले इस रास्ते पर आते ही आसमान में काले घने बादल छा गए। 

हालांकि इसे मौसम का शानदार रूप ही कहेंगे किन्तु सिर्फ तब तक, जब तक कि ये बरसात का रूप ना ले ले, किन्तु हमारे सोचने से क्या होने वाला था क्योंकि की कुछ ही समय बाद बड़ी ही तेज जोरदार बारिश ने हमें  इस ऊँचे पहाड़ी रास्ते पर हमें घेर लिया। हम गाडी के अंदर बैठे थे इसलिए इस बरसात का हमपर कोई प्रभाव नही पड़ा परन्तु गाडी के सामने कम अदृश्यता होने के कारण थोड़ी परेशानी हुई। 

थोड़ी देर बाद बरसात का दौर गुजरने के बाद मौसम पुनः सामान्य हो गया और हम तब तक उस स्थान पर भी पहुँच गए जहाँ से आगे हमने अब पैदल ही जाना था। कांताली नामक स्थान पर आकर सड़क समाप्त हो गई और यहाँ से रुद्रधारी जाने के लिए अब केवल पैदल मार्ग ही एकमात्र विकल्प था। इस स्थान से रुद्रधारी लगभग 1 या 2 किमी के आसपास था। 


मैं और मेरे सहयात्री आवश्यक वस्तुएं लेकर पैदल रुद्रधारी की तरफ बढ़ चले। शुरुआत में थोड़ी सी कठिन चढ़ाई चढ़ने के बाद हम घाटियों के बीच में पहुंचे। इन्हीं घाटियों के बीच से होकर रुद्रधारी मंदिर की तरफ जाने के लिए पथरीला रास्ता था जिसपर अब हम बढ़ते जा रहे थे। 

एक छोटी सी नदी भी इन घाटियों के बीच  से होकर गुजर रही थी जो ऊपर  रुद्रधारी के तरफ से ही बहकर आ रही थी। इस समय हम घने जंगलों और पहाड़ों में थे जहाँ से बाहरी दुनिया का कोई जुड़ाव नहीं था। मोबाइल में नेटवर्क भी जा चुके थे और हमारा संपर्क अब बाहरी दुनिया से हट चुका था। पूर्णतः हम प्रकृति के गोद में थे, और अपनी इस ट्रेकिंग वाली यात्रा का आनंद ले रहे थे। चूँकि यह बिलकुल सुनसान क्षेत्र था इसलिए कभी कभी डर जैसे माहौल को भी हमने यहाँ अनुभव किया। 

श्याम और रजनी भाभी जी हम सबसे आगे आगे चल रहे थे, जब तक हम उनके नजदीक तक पहुँच पाते वे और आगे बढ़ जाते। हम सभी में बस यही प्रतिद्वंदता रहती कि सबसे पहले  मंदिर और जलप्रपात तक पहले कौन पहुँचेगा।  इसी जद्दोहद में यह एक दो किमी की ट्रैकिंग कब पूरी हो गई पता ही नहीं चला और हम आखिर में उस स्थान पर पहुंचे जहाँ से हमने पहली बार रुद्रधारी महादेव मंदिर के दर्शन हुए। 

रुद्रधारी महादेव मंदिर एक शांत गुफा मंदिर है, जहाँ श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा करते हैं। मान्यता है कि यहाँ भगवान शिव (रुद्र) और भगवान विष्णु (हरि) से जुड़ी पौराणिक कथाएं जुड़ी हैं, और ऋषि कौशिक ने यहाँ तपस्या की थी। यहीं पास ही में रुद्रधारी नाम से ही एक जलप्रपात है  जो कि चट्टानों और हरियाली के बीच से गिरकर एक छोटे जलकुंड में समाता है। आसपास घने जंगल और प्राकृतिक गुफाएं इस जगह को और भी खास एवं सुन्दर बनाती हैं। 

पहाड़ी से नीचे उतरने के लिए यहाँ सीढ़ियां बनी हैं जिनसे होकर सीधे मंदिर और जलप्रपात के नजदीक पहुंचा जा सकता है। सीढ़ियों से नीचे उतरकर हम मंदिर के प्रवेशद्वार पर पहुंचे, यहीं हमने जलप्रपात वाले स्थान को देखा जिस्मने  इस समय बहुत ही कम पानी रिस रिस कर नीचे गिर रहा था। यह जलप्रपात मानसून के मौसम में अपने चरम पर होता है ऐसा हमने यहां के मंदिर के पुजारी ने बताया। अभी इस झरने में जल की मात्रा बहुत निम्न थी और यह पूर्ण रूप से सूखा ही था। किन्तु यहाँ रिसने वाले जल से कुंड और नदी का पानी  आचमन करने  के लिए काफी था। 

कुंड  से हाथ मुँह धोने के बाद हमने  मंदिर में महादेव जी के दर्शन किये। यहाँ सोनू भाभी जी ने मंदिर के पुजारी से काफी जानकारी एकत्र की और उसे अपने मोबाइल में वीडियो के रूप में रिकॉर्ड किया जिससे वह इसे अपने यूट्यूब चैनल पर अपने दर्शकों को दिखा सकें। यहाँ मंदिर प्राकृतिक रूप से एक पहाड़ की तलहटी में गुफा के रूप में बना है। यहाँ की मान्यता है कि यहाँ एक समय कौशिक ऋषि ने भगवान शिव की तपस्या की थी और भगवान शिव ने उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर इसी स्थान पर उन्हें अपने रूद्र स्वरूप में दर्शन दिए थे।  

यूँ तो समूचा उत्तराखंड ही देवभूमि है, यहाँ के ऊँचे ऊँचे पर्वतों और वनों में शुरू से ही देवताओं का वास रहा था। प्राचीनकाल से ही अनेकों  ऋषि मुनियों ने यहाँ की कंदराओं में रहकर कठोर तपस्या की है और भगवत प्राप्ति के मार्ग को सरल बनाया है। मैं इस देवभूमि और यहाँ की प्राकृतिक सम्पदाओं को सदैव नमन करता हूँ। 

एकबार पुनः मौसम ने अपना रुखा बदला और पुनः जोरदार बारिश शुरू हो गई। अभी हम मंदिर के नजदीक ही थे और यहाँ बनी एक कुटिया में हमने शरण ली। इस कुटिया के बाहर बने टीनशेड की वजह से हम बारिश में भेजने से बच गए और इस थोड़ी सी देर बरसने वाली बारिश का आनंद लेने लगे। 

अब शाम हो चली थी और हमने अँधेरा होने से पहले ही इस घाटी से निकलकर अपनी गाडी तक पहुंचना था। महादेव की कृपा से शीघ्र ही बारिश बंद हो गई और अब हमने  बिना देर किये यहाँ से प्रस्थान किया। कुछ कुछ स्थानों पर रास्ता फिसलन भरा था और कुछ कुछ स्थानों रास्ता बिलकुल सूखा था। नदी के रास्ते हम इस ट्रकिंग भरे मार्ग से वापस लौटने लगे थे। 

आज की मेरी योजना के अनुसार मुझे आज जलप्रपात में स्नान करना था किन्तु झरने में पानी ही नहीं  था इसलिए स्नान की मेरी अभिलाषा मन में ही रह गई थी किन्तु मंदिर से काफी  दूर आने के बाद नदी के बीच मुझे एक प्राकृतिक कुंड दिखाई दिया जिसमें नदी का स्वच्छ और शीतल जल भरा हुआ था। इस कुंड को देखकर मेरी स्नान की इच्छा और तीव्र हो गई और अपने सहयात्रियों के इच्छा स्वरुप मैंने इस कुंड में स्नान किया। इस कुंड  का जल अत्यंत ही शीतल था। एक दो डुबकी लगाते ही मेरी सारी यात्रा की थकन दूर हो गई। हां इस कुंड में छोटी छोटी मछलियाँ भी थी परन्तु मुझे उनसे कोई परेशानी नहीं हुई। 

पहाड़ों में आने वाले नए ट्रेकरों के लिए इस ट्रैक काफी सरल और सुविधाजनक है क्योंकि यह अत्यधिक चढ़ाई वाला और अत्यधिक दूरी वाला नहीं है, इसलिए  इसे एक आसान ट्रेक कहा जा सकता है। हमेशा पहली बार ट्रैकिंग की शुरुआत ऐसे आसान और छोटे ट्रैकों से ही करनी चाहिए जिससे हमें अपनी क्षमता का सही आभास हो सके।

हम वापसी की राह पर थे, लौटते में हमें यहाँ एक पशु चराता हुआ एक व्यक्ति मिला जो अपने हाथ में एक छाता लिए हुए था। उसकी गाय और बकरियां आस पास ही चर रही थीं। हमने उससे इस स्थान के बारे काफी जानकारी ली जिसके मुताबिक उसका कहना था कि यहाँ जंगली जानवरों का भी आना जाना लगा रहता है। नदी होने के कारण ज्यादातर जँगली जीव जंतु यहाँ दिखाई दे जाते हैं। उसके कहे अनुसार यहाँ शेर भी आ जाता है। 

उसकी बात सुनकर मेरे सहयात्रियों में भय व्याप्त सा होने लगा और अब उनकी वापस लौटने की गति, पहले से भी अधिक तीव्र हो गई।  जल्दी ही हम अपनी गाडी के नजदीक पहुंचे और गाडी द्वारा वापस कौसानी की तरफ रवाना हो चले। इसप्रकार आज की हमारी यह कौसानी यात्रा पूरी तरह से समपन्न हो गई। कल हम अल्मोड़ा की तरफ प्रस्थान करेंगे जिसके लिए हमने अपने इसी गाडी वाले भाई से पहुँचाने की बात पक्की कर ली थी। 


UTTARAKHAND 


इस पहाड़ी से उतरते ही हम घाटी में आ गए  



मेरे सहयात्री 



सुधीर उपाध्याय 

कल्पना उपाध्याय 

रुद्रधारी महादेव मंदिर की ओर 


ब्रजेश व्यास जी - मेरे भाईसाहब 



श्याम और रजनी भाभी सबसे आगे आगे चलते रहे 

रुद्रधारी महादेव मंदिर का रास्ता 

रास्ते में लगी एक घंटी जो मंदिर के नजदीक ही थी 

रुद्रधारी महादेव मंदिर की पहली झलक 


रुद्रधारी महादेव मंदिर 


रुद्रधारी जलप्रपात 

मैं और कल्पना रुद्रधारी पर 



सोनू भाभी जी मंदिर के पुजारी जी से बाते करते हुए 



मंदिर की ओर उतरती सीढ़ियां 







बारिश आने से पूर्व ही हम इन टीनशेड में आ गए 




मोनिका व्यास 



रास्ते में नदी का एक जलकुंड 

मैंने इसी जलकुंड में स्नान किया 


इन भाईसाब ने बताया कि यहाँ शेर भी आ जाता है 



शुरुआत और अंतिम वाली खड़ी चढ़ाई की पहाड़ी 






सामने कौसानी दिखाई दे रहा है 


No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.