Sunday, November 22, 2026

KUMANYU 2024 : KAUSANI

कुमाँयू के सफर पर भाग - 2 

 कौसानी की एक शाम 


शाम को चार - पांच बजे के लगभग हम कौसानी पहुँच गए। सबसे पहले हमने यहाँ ठहरने के लिए उचित स्थान की तलाश की। थोड़ी देर कौसानी के बाजार में घूमने के बाद हमने हिमदर्शन नाम से एक होम स्टे मिल गया जिसमें चार सौ रूपये प्रतिदिन के हिसाब से हमने दो कमरे बुक कर लिए। यह होमस्टे कौसानी के मुख्य सड़क मार्ग पर था और इस होमस्टे की बालकनी से  कुमाँयू के पहाड़ो का बहुत ही शानदार दृश्य दिखाई दे रहा था। 

होमस्टे के बाथरूम में एक पुरानी टूटी सी बाल्टी थी, मैंने इसे बदलने के लिए होमस्टे के संचालक से कहा, उसने तुरंत हमने एक नई बाल्टी और एक नया मग लाकर दे दिया। उसने अपनी यह सर्विस इतनी शीघ्रता से पूरी की, कि हम उसकी प्रशंसा किये बिना न रह सके। सही बजट से हमें कमरे देने के बाद, हमें होने वाली सभी असुविधाओं का उसने पूरी तरह से ध्यान रखा था। हमें मानना पड़ा कि इन पहाड़ी लोगों का उद्देश्य सिर्फ पर्यटकों से पैसा कमाना नहीं है बल्कि यहाँ आने वाले पर्यटकों की आतिथ्य भाव से सेवा और सहायता भी करना है।   

स्नान करके हम सभी तैयार हो गए और यात्रा को यादगार बनाने के लिए हमने इस होमस्टे में अपने कुछ फोटो भी लिए। 


अब शाम हो चली थी, होमस्टे की बालकनी में खड़े होकर दूर पहाड़ों के पीछे की तरफ होते सूर्यास्त को हमने देखा जो देखने में बहुत ही शानदार लग रहा था। आज हम उत्तराखंड के एक खूबसूरत हिल स्टेशन पर थे और कौसानी की यह शाम हमारे जीवन की एक यादगार शाम बनने वाली थी। सूर्य ढलने के बाद बालकनी से रात का नजारा और भी शानदार लग रहा था। 

अँधेरे में आसमान आज ऐसा लग रहा था जैसे ब्रह्माण्ड से निकलकर तारामंडल उत्तराखंड की इन वादियों में समा चुका था। बालकनी में से दिखाई दे रहा यह तारामंडल और अँधेरे के आगोश में समा चुके कौसानी की ये वादियां कभी ना भूलने वाली छाप छोड़ रही थीं। 

कौसानी उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में स्थित एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने इसकी प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित होकर इसे  'भारत का स्विट्जरलैंड' कहा था। यह समुद्र तल से लगभग 1,890 मीटर की ऊंचाई बसा है और इस जगह से नंदा देवी, त्रिशूल और पंचचूली जैसी हिमालय की चोटियों का शानदार नजारा दिखाई देता है। 

यहाँ पर्यटन स्थल के रूप देखने योग्य अनाशक्ति आश्रम है जहाँ महात्मा गाँधी ने अपने जीवन कुछ दिन यहाँ बिताये थे। इसके अलावा कौसानी, प्रसिद्ध कवि सुमित्रा नंदन पंत जी की जन्मभूमि के रूप में भी विख्यात है। इन सभी स्थानों को हम कल की यात्रा में देखंगे, अब समय हो चला था रात्रि भोजन का, जिसके लिए हम सभी अपने होटल से बाहर कौसानी के बाजार में घूमने निकले। 

अनाशक्ति आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग पर ही एक शानदार रेस्टोरेंट हमें दिखाई दिया। इसका नाम क़्वालिटी रेस्टोरेंट है और यह पूर्णतः शाकाहारी है जो हमारे लिए अति आवश्यक था। शुद्ध और सात्विक भोजन ही हमारा मुख्य आहार है और इस रेस्टोरेंट में हमें यह दोनों सुविधाएँ प्राप्त हुईं। रात्रि भोज के बाद हम सभी टहलते हुए अनाशक्ति आश्रम पहुंचे, रात्रि का समय होने के कारण अब यह आगंतुकों के लिए बंद हो चुका था। अतः अगली सुबह हमने यहाँ आने का विचार बनाया और वापस टहलते हुए हम अपने होम स्टे की तरफ बढ़ चले।

 रात्रि नौ बजे तक कौसानी का बाजार पूर्णतः बंद हो गया था और अब कौसानी की यह शाम रात्रि में बदल चुकी थी। एकदम शांत और स्वछन्द हवा के बीच आज की इस रात्रि का वर्णन मैं अपने इन शब्दों में बयां नहीं कर सकता। इसके लिए तो एकबार वहां जाकर अनुभव करना ही उचित है। 

यात्रा क्रमश : 


हिमदर्शन होमस्टे 



होमस्टे की बालकनी में, मैं और मेरे सहयात्री 

श्याम और राधा पाठक 

सुधीर उपाध्याय 

कल्पना उपाध्याय 



बालकनी से सामने का दृश्य 


कौसानी में एक सूर्यास्त 























No comments:

Post a Comment

Please comment in box your suggestions. Its very Important for us.